Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से मजदूर की मौत

 

राजनगर। राजनगर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर होंडा शोरूम के पास रात लगभग एक बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े बांस लदे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के दौरान ट्रक से बांस उतारने की तैयारी कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

 

जानकारी के अनुसार, बांस लदा ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और मजदूर ट्रक की रस्सी खोलकर बांस उतारने का काम शुरू करने वाले थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रेलर ने ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर काम कर रहे बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के भंडारसोल निवासी नीलकंठ जाना गंभीर रूप से इसकी चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कुछ अन्य मजदूरों को भी चोटें आई हैं।

 

दुर्घटना की सूचना मिलने पर राजनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। बताया गया कि टक्कर के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

 

सुबह करीब नौ बजे मृतक के परिजन राजनगर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने ट्रेलर मालिक से उचित मुआवजा दिलाने और मामले में न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है।

 

पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ हादसे की पूरी घटना की जांच कर रही है।

Share this news