खेजुरडीह में अधूरे पुलिया निर्माण को लेकर JLKM ने जताया विरोध, तत्काल समाधान की मांग

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत कुमीर पंचायत के खेजुरडीह गांव पहुंचकर निर्माणाधीन पुलिया एवं डायवर्सन की स्थिति का जायजा लिया। पुलिया निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं होने तथा कार्य में हो रही अनावश्यक देरी को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर विरोध जताया और प्रशासन एवं संबंधित सड़क निर्माण विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।


JLKM के जिला वरीय उपाध्यक्ष सुब्रत महतो ने कहा कि मानसून से पहले ही खेजुरडीह नाला के डायवर्सन एवं पुलिया की समस्या को लेकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त महोदय को ज्ञापन सौंपकर पूरी स्थिति से अवगत कराया गया था। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए विभाग द्वारा निर्माण कार्य शुरू भी कराया गया था, लेकिन वर्तमान में कार्य अधूरा पड़ा हुआ है और निर्माण कार्य पूरी तरह ठप नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में डायवर्सन पर पानी भर जाने के कारण कांकड़ीह–दांदुडीह मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा है। दो दिन पूर्व डायवर्सन बह जाने के बाद चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। इसके कारण आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस भी इस मार्ग से पार नहीं हो पा रही है। वहीं, बच्चों को स्कूल एवं कॉलेज आने-जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई बच्चे स्कूल-कॉलेज नहीं जा पा रहे हैं।
इसका सीधा असर ओड़िया, बनकुंचिया एवं कुमीर पंचायत के ग्रामीणों पर पड़ रहा है। यह सड़क झारखंड को बंगाल सीमा से जोड़ती है। आवागमन बाधित होने के कारण ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधा के लिए एंबुलेंस की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बच्चों को स्कूल-कॉलेज जाने, ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय एवं काटिन बाजार पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे ग्रामीणों को समय और आर्थिक दोनों रूप से नुकसान उठाना पड़ रहा है।
JLKM प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रशासन को समस्या की जानकारी पहले ही दी जा चुकी थी और विभाग द्वारा निर्माण कार्य शुरू भी कराया गया था, तो फिर कार्य को अधूरा छोड़कर आखिर किसका इंतजार किया जा रहा है? प्रशासन एवं सड़क निर्माण विभाग आखिर कब जागेगा?
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग को तत्काल मौके पर कार्रवाई करते हुए डायवर्सन को दुरुस्त कर आवागमन बहाल करना चाहिए तथा पुलिया निर्माण कार्य को जल्द पूरा करना चाहिए।
JLKM की प्रमुख मांगें
1. डायवर्सन की तत्काल मरम्मत कर सभी प्रकार का आवागमन सुचारू किया जाए।
2. खेजुरडीह पुलिया के पहुंच पथ का निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।
3. ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मौके पर मौजूद: जिला वरीय उपाध्यक्ष सुब्रत महतो, प्रखंड अध्यक्ष श्याम सुंदर महतो, जिला उपाध्यक्ष मृत्युंजय महतो एवं कैलाश महतो, जिला सचिव राजेश कुंभकार, प्रमंडल उपाध्यक्ष भैरव महतो,निर्मल महतो, साहेब राम महतो, सुनील कुमार महतो, पांडव महतो, विश्वजीत महतो, सागर महतो, सुकुमार महतो, आदित्य महतो एवं अन्य JLKM पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।


