Newsझारखण्ड

फर्जी पुलिस बनकर JLKM नेता का अपहरण, हजारीबाग से बरामद

 

 

रामगढ़: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता पानेेश्वर महतो का मंगलवार देर रात कथित तौर पर फर्जी पुलिसकर्मी बनकर अपहरण कर लिया गया। घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के कैथा-गोबरदाहा चौक के पास की बतायी जा रही है। सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रातभर छापेमारी अभियान चलाया और बुधवार सुबह पानेेश्वर महतो को हजारीबाग से सकुशल बरामद कर लिया।

 

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे काले रंग की बोलेरो से कुछ लोग कैथा-गोबरदाहा चौक के पास पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और पानेेश्वर महतो को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उन्हें नेशनल हाईवे के फोरलेन रास्ते से हजारीबाग की ओर ले जाया गया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ पुलिस सक्रिय हो गयी और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस की कार्रवाई के बाद बुधवार सुबह पानेेश्वर महतो को हजारीबाग से सकुशल बरामद कर लिया गया।

 

रामगढ़ के एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने भी घटना की पुष्टि की है। बरामदगी के बाद पुलिस पानेेश्वर महतो का हजारीबाग सदर अस्पताल में मेडिकल करा रही है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना में शामिल लोग कौन थे और उन्होंने किस मकसद से खुद को पुलिसकर्मी बताकर उनका अपहरण किया।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही अपहरण के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Share this news