भारी बारिश से रंगड़ो पुलिया का किनारा धंसा, हादसे की आशंका

बहरागोड़ा। बहरागोड़ा प्रखंड के खंडामौदा और गामारिया पंचायत की सीमा पर स्थित रंगड़ो पुलिया का किनारा लगातार बारिश के कारण धंसने लगा है। मिट्टी कटाव से पुलिया का किनारा कमजोर हो गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त हिस्से के पास डालियां लगाकर राहगीरों को सावधान किया है।


रंगड़ो पुलिया से नेडरा, गामारिया, महुलबनई, बतबती, शालझाटिया और चित्रेश्वर समेत आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी इसी मार्ग से खंडामौदा उच्च विद्यालय और बहरागोड़ा कॉलेज जाते हैं। पुलिया का किनारा धंसने से ग्रामीणों और विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया करीब 24 वर्ष पुरानी है। लगातार वाहनों की आवाजाही और बालू लदे ट्रैक्टरों के परिचालन से भी पुलिया पर दबाव बढ़ रहा है। बारिश के कारण मिट्टी का कटाव तेज होने से स्थिति और गंभीर हो गई है।
ग्राम प्रधान राहुल बारिक समेत कालीचरण डुंगरी, दुखीराम मुर्मू, कुनाराम सिंह, छोटू बेसरा, मनीज बारिक, हरिपद मुंडा, सावन बारिक, कारिया सोरेन और गोविंद मुर्मू ने प्रशासन से स्थल निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त किनारे की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

