राजनगर सीएचसी में ट्रॉमा सेंटर के प्रस्ताव की समीक्षा, सड़क सुरक्षा को लेकर उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने की उच्चस्तरीय बैठक

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बाहर मुख्य सड़कों पर भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और अनावश्यक ठहराव पर रोक लगाने को लेकर सोमवार को परिसदन सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. उद्योग सचिव अरवा राजकमल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मुख्य सड़कों पर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी सहित परिवहन, उद्योग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश के आलोक में औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात परिचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई.
बैठक के दौरान चिलियामा स्थित रूंगटा स्टील प्लांट के बाहर मुख्य सड़क पर ट्रकों के खड़े रहने से संबंधित जनहित याचिका के मामले पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों ने भारी वाहनों के अनियंत्रित ठहराव से उत्पन्न यातायात संबंधी समस्याओं पर विचार करते हुए औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में पर्याप्त और व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करने का निर्देश दिया. साथ ही पार्किंग स्थलों पर वाहन चालकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और वाहनों के सुरक्षित ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
इस दौरान रूंगटा माइंस, राजनगर की पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया. संबंधित अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों को पार्किंग स्थल को सुव्यवस्थित रखने तथा वहां वाहनों के सुचारु आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. मुख्य सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़े भारी वाहनों के कारण यातायात बाधित होने की स्थिति में संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमित और प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया.
उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षित और सुगम यातायात परिचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है. उन्होंने औद्योगिक कंपनियों को अपने परिसर में भारी वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने तथा मुख्य सड़कों पर वाहनों के अनावश्यक ठहराव को नियंत्रित करने का निर्देश दिया.
इधर, राजनगर दौरे के दौरान उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजनगर सीएचसी में डेडिकेटेड ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव की समीक्षा की.
ट्रॉमा सेंटर के प्रस्ताव के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को समय पर समुचित उपचार मिल सके.
बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, मुख्य सड़कों पर यातायात की नियमित निगरानी करने तथा अव्यवस्थित पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


