Newsझारखण्ड

बिष्टुपुर में कथित पुलिस लाठीचार्ज पर जयराम महतो ने जताई नाराजगी, पूछा- रात में चाय पीना क्या अपराध है?

 

 

जमशेदपुर: बिष्टुपुर में देर रात चाय-नाश्ता कर रहे लोगों के साथ पुलिस की कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के सामने आने के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने और घटना को लेकर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की है।

 

जयराम महतो के अनुसार, बिष्टुपुर में रात करीब 10:30 से 11:30 बजे के बीच कुछ लोग दुकानों पर चाय, आइसक्रीम और अन्य सामान खरीद रहे थे। इसी दौरान पुलिस द्वारा उन पर कथित रूप से लाठियां चलाई गईं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर रात में चाय पीने या बाजार से सामान खरीदने में कौन-सा अपराध है?

 

विधायक ने कहा कि अगर रात में लोगों का बाजार आना प्रतिबंधित है, तो प्रशासन को इसके लिए स्पष्ट नियम बनाना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में शाम सात बजे के बाद दुकानों को बंद करने और घर से निकलने के लिए भी पुलिस की अनुमति लेने का नियम बना देना चाहिए।

 

उन्होंने देर रात तक बार और शराब की दुकानों के खुले रहने तथा दूसरी ओर परिवार के साथ चाय-कॉफी पीने निकले आम लोगों पर कार्रवाई किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। जयराम महतो का कहना है कि इस तरह की पुलिस कार्रवाई से आम नागरिकों के मन में कानून के प्रति भरोसा कमजोर हो सकता है और उनमें भय का माहौल बन सकता है।

 

जयराम महतो ने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन से सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने की मांग की है।

 

हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share this news