NewsSportsझारखण्डसरायकेला

06 अक्टूबर को HLM ट्रॉफी सीजन-5 का भव्य आगाज, 16 टीमें लेंगी हिस्सा – समापन समारोह में नितेश कच्छप का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

 

 

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत धातकीडीह-भादूडीह में जन सेवा ही लक्ष्य की ओर से दो दिवसीय विशाल फुटबॉल प्रतियोगिता HLM ट्रॉफी सीजन-5 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ आगामी 06 अक्टूबर को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी हरेलाल महतो के जन्मदिन के अवसर पर होगा, जबकि 07 अक्टूबर को इसका समापन किया जाएगा। फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ जमशेदपुर रैफ के कमांडेंट राजीव कुमार द्वारा किया जाएगा। 

 

प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। उद्घाटन एवं प्रतियोगिता के विभिन्न कार्यक्रमों में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो विशिष्ट अतिथि होंगे। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ सामाजिक, खेल एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।

 

प्रतियोगिता के विजेता टीम को तीन लाख रुपये नकद एवं ट्रॉफी, उपविजेता टीम को दो लाख रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। वहीं, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को एक-एक लाख रुपये तथा ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर एवं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को भी आकर्षक पुरस्कार दिया जाएगा।

 

स्वैच्छिक रक्तदान व नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

 

HLM ट्रॉफी के अवसर पर 07 अक्टूबर को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा। जन सेवा ही लक्ष्य के संस्थापक सदस्य देवराज महतो ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने तथा स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में नेत्र, दांत सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे।

 

समापन समारोह में होगी सांस्कृतिक प्रस्तुति

 

प्रतियोगिता के समापन समारोह के अवसर पर 07 अक्टूबर को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रसिद्ध नागपुरी गायक नितेश कच्छप एंड टीम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी।

Share this news