झारखण्डसरायकेला

चांडिल डैम के आंशिक डूब क्षेत्र के रैयतों को भी मिले विस्थापित कार्ड : भोलानाथ महतो

 

 

ईचागढ़। सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना के तहत चांडिल डैम से प्रभावित विस्थापित परिवारों की समस्याओं को लेकर आजसू नेता भोलानाथ महतो ने आवाज बुलंद की है। उन्होंने मांग की है कि डैम के आंशिक डूब क्षेत्र में जिन रैयतों की जमीन प्रभावित हुई है, उन्हें भी विस्थापित कार्ड उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपने अधिकारों के लिए उचित मंच पर अपनी बात रख सकें।

 

प्रेस वार्ता के दौरान भोलानाथ महतो ने कहा कि चांडिल डैम से प्रभावित 116 गांवों के विस्थापितों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए पहल करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से आजसू कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर प्रभावित परिवारों से संपर्क करेंगे। इस दौरान उनकी समस्याओं की जानकारी जुटाने के साथ लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि विस्थापितों की समस्याओं से संबंधित मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा गया है। आगे भी प्रभावित परिवारों की मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंशिक डूब क्षेत्र के रैयतों को भी विस्थापित कार्ड का लाभ मिलना चाहिए, ताकि उन्हें अपने अधिकारों से वंचित न रहना पड़े।

 

भोलानाथ महतो ने कहा कि आजसू क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर गंभीर है। पार्टी पहले भी जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी लोगों के हक एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी। विस्थापितों की समस्याओं का समाधान पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

 

जिला कमेटी के विस्तार पर केंद्रीय कमेटी लेगी फैसला

 

आजसू की जिला कमेटी के विस्तार में हो रही देरी को लेकर पूछे गए सवाल पर भोलानाथ महतो ने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय केंद्रीय कमेटी को लेना है। वहीं, हरेलाल महतो के पार्टी छोड़ने के बाद पुराने कार्यकर्ताओं की वापसी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कई पुराने कार्यकर्ता फिर से पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आजसू आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।

Share this news