बारिनगर में आठवीं चैंपियंस ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, 32 टीमें दिखाएंगी दमखम
विधायक संजीव सरदार ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, कहा- खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

जमशेदपुर। टेल्को के बारिनगर में बारिनगर फ्रेंड्स क्लब की ओर से आयोजित आठवीं चैंपियंस ट्रॉफी डे-नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर स्थानीय युवाओं और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में आमतौर पर क्रिकेट के प्रति अधिक आकर्षण देखने को मिलता है, लेकिन बारिनगर में फुटबॉल के प्रति युवाओं का जुनून और लगाव देखकर खुशी होती है। झारखंड की मिट्टी में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है इन प्रतिभाओं को उचित मंच, बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देने की। ऐसे टूर्नामेंट स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करते हैं।

विधायक ने खिलाड़ियों से खेल को केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। झारखंड सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को सम्मान देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांव और मोहल्लों के मैदानों से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में झारखंड और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने बारिनगर फ्रेंड्स क्लब की सराहना करते हुए खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य गुलफाम, नासर इमाम, तबरेज, मुन्ना, असगर खान सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


