Wednesday, October 28, 2026
Newsझारखण्ड

कुष्ठ रोग की रोकथाम के लिए परिजनों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग जरूरी: डॉ. होसान्ना सिंह

 

पूर्वी सिंहभूम में ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण, संदिग्ध मरीजों की हुई स्क्रीनिंग

 

जमशेदपुर, 27 अक्टूबर 2026। पूर्वी सिंहभूम जिले में कुष्ठ रोग की पहचान, रोकथाम और जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे 100 दिवसीय ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ (एमडीटी) अभियान के 13वें दिन केंद्रीय मॉनिटर डॉ. होसान्ना सिंह ने अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों में कुष्ठ रोग के प्रसार को रोकने के लिए पंजीकृत कुष्ठ मरीजों के परिजनों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कर पात्र व्यक्तियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सिंगल डोज रिफाम्पिसिन देने पर विशेष जोर दिया।

 

जिले में यह अभियान 10 अक्टूबर 2026 से 30 जनवरी 2027 तक चलाया जा रहा है। निरीक्षण के क्रम में डॉ. होसान्ना सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुगसलाई अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हुरलुंग का दौरा किया। इस अवसर पर जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने डॉ. होसान्ना सिंह और डॉ. गौतम कुमार का पौधा भेंट कर स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. होसान्ना सिंह ने सहियाओं द्वारा चिह्नित किए गए संदिग्ध कुष्ठ मरीजों की स्क्रीनिंग की और अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

 

जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ अभियान के अंतर्गत सहिया घर-घर जाकर कुष्ठ रोग के संभावित लक्षणों वाले लोगों की पहचान करेंगी और उन्हें जांच के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजेंगी। इसके साथ ही आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं तथा सभी स्कूलों से एक पुरुष शिक्षक और एक महिला शिक्षिका को कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार और इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में जागरूक किया जाएगा, ताकि समाज में बीमारी को लेकर फैले भ्रम को दूर किया जा सके।

डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों और संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

 

कार्यक्रम में जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, डेमियन फाउंडेशन के राज्य समन्वयक डॉ. गौतम कुमार, दुर्योधन बागती, पीएमडब्ल्यू संगीता चाकी, सीएचओ नम्रता कुमारी, आयुष सीएचओ प्रेरणा कुमारी सहित सभी सहिया उपस्थित थीं।

 

— सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर

Share this news