AIDSO का 8वां झारखंड राज्य छात्र सम्मेलन 19-20 दिसंबर को रांची में, शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान
रांची: प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ छात्र आंदोलन को तेज करने के उद्देश्य से ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) का 8वां झारखंड राज्य छात्र सम्मेलन आगामी 19 और 20 दिसंबर को रांची में आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर AIDSO झारखंड प्रदेश काउंसिल की बैठक केंद्रीय काउंसिल के अध्यक्ष सौरभ घोष की उपस्थिति में हुई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और छात्र हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन में सरकारी स्कूलों को बंद करने के फैसले का विरोध, रिक्त पदों पर शिक्षकों की जल्द बहाली, जरूरतमंद छात्रों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाली राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को रद्द करने समेत कई मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके अलावा देश और झारखंड में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी छात्र आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में संगठन के प्रदेश सचिव सोहन महतो ने कहा कि झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन के दबाव में सरकार ने जो निर्णय लिया है, उससे जुड़ा मामला अब न्यायालय में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट और रांची हाईकोर्ट इस पूरे मामले में संवेदनशील भूमिका निभाएंगे।
सोहन महतो ने कहा कि जो विद्यार्थी ईमानदारी और मेहनत के बल पर नौकरी हासिल करने में सफल हुए हैं, उनके साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होना चाहिए। किसी भी निर्दोष अभ्यर्थी की नौकरी न जाए, यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। उन्होंने मांग की कि सरकार जल्द से जल्द जांच पूरी करे और परीक्षा में ईमानदारी से सफल हुए अभ्यर्थियों को चिन्हित कर उनकी नौकरी सुरक्षित रखे।
उन्होंने कहा कि परीक्षा में भ्रष्टाचार और कदाचार के जरिए नौकरी हासिल करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे लोगों को नौकरी से बर्खास्त करने के साथ उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा भी दर्ज किया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि बर्खास्तगी के बाद रिक्त होने वाले पदों पर नए सिरे से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके।
बैठक में AIDSO झारखंड प्रदेश के सभी प्रमुख पदाधिकारी और नेतृत्वकारी साथी मौजूद रहे।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


