गम्हरिया के गांवों की समस्याओं को लेकर भाजपा नेता करण महतो ने BDO को सौंपा मांग पत्र, जांच का आदेश
सड़क, पुलिया, पेयजल और रोजगार जैसे मुद्दों को उठाया; BDO ने पंचायत सचिव को स्थल जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया

गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में व्याप्त बुनियादी समस्याओं को लेकर भाजपा नेता करण महतो ने आवाज उठाई है। उन्होंने ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को मांग पत्र सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है।
मांग पत्र में करण महतो ने बताया कि गम्हरिया एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद प्रखंड के कई ग्रामीण गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। चामारू पंचायत के उज्जैनपुर गांव में अब तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। वहीं, टेंटोपोसी पंचायत के सिंधुकोपा गांव में पुलिया का निर्माण होने के बावजूद संपर्क सड़क नहीं बनाई गई है, जिससे ग्रामीणों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गांवों में अधिकांश चापाकल खराब पड़े हैं। जल जीवन मिशन के तहत टेंटोपोसी पंचायत भवन में निर्मित जलमीनार से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। इसके अलावा कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने का काम भी अधूरा छोड़ दिया गया है।
भाजपा नेता ने क्षेत्र में रोजगार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र से डीएमएफटी मद में प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का अपेक्षित लाभ दिखाई नहीं दे रहा है। स्थानीय युवाओं को भी औद्योगिक कंपनियों में पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए गम्हरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने संबंधित पंचायत सचिव को निर्देश दिया है कि वे सभी शिकायतों की स्थल जांच कर रिपोर्ट सौंपें।
अब देखना होगा कि जांच के बाद ग्रामीणों की इन समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।


