Newsझारखण्डसरायकेला

गम्हरिया थाना कांड में पुलिस पर बड़ी कार्रवाई, नौ और जवान निलंबित; अब तक 15 पर गिरी गाज, तीन गिरफ्तार

 

 

सरायकेला: गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए कर्मियों में दो सब इंस्पेक्टर, चार एएसआई, दो हवलदार और एक कांस्टेबल शामिल हैं। इससे पहले थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई थी। इस तरह अब तक कुल 15 पुलिसकर्मी निलंबित किए जा चुके हैं।

 

ओडी अधिकारी और मुंशी भी गिरफ्तार

 

विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तारी का सिलसिला भी आगे बढ़ाया है। गम्हरिया थाना में तैनात ओडी अधिकारी और मुंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इससे पहले शनिवार को कथित दुष्कर्म के आरोपी वायरलेस ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इस प्रकार अब तक मामले में तीन पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

 

एसपी ने खुद संभाली जांच की कमान

 

रविवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने गम्हरिया थाना पहुंचकर पूरे मामले की पड़ताल की। एसपी के मुताबिक, नौ पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई इसलिए की गई, क्योंकि उन्होंने अनुशासनहीनता बरती और घटना की जानकारी समय पर अपने वरीय अधिकारियों को नहीं दी।

 

इस कार्रवाई के बाद गम्हरिया थाना की पूरी पुलिस टीम पर कार्रवाई होने की बात सामने आई है। थाना परिसर में हुई इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच और विभागीय कार्रवाई जारी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच के दौरान किसी अन्य पुलिसकर्मी की भूमिका या लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share this news