Newsझारखण्ड

हल्दीपोखर और सिदिरसाई में ट्रेन ठहराव के लिए झामुमो का धरना, संजीव सरदार ने दी आंदोलन की चेतावनी

 

 

बादामपहाड़-पुरी नई रेल सेवा का दोनों स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग, विधायक बोले- क्षेत्र की तीन लाख आबादी के साथ केंद्र सौतेला व्यवहार कर रहा

 

पोटका। टाटानगर-बादामपहाड़ रेलखंड पर शुरू की जा रही नई बादामपहाड़-पुरी रेल सेवा के हल्दीपोखर और सिदिरसाई स्टेशन पर ठहराव की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा की पोटका प्रखंड समिति ने हल्दीपोखर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। हज़ारो की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने रेलवे से दोनों स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। धरना को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बादामपहाड़ और पुरी के बीच नई रेल सेवा शुरू करने का निर्णय स्वागतयोग्य है, लेकिन हल्दीपोखर और सिदिरसाई में इसका ठहराव नहीं देना क्षेत्र की जनता के साथ सौतेला व्यवहार है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि दोनों स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित नहीं किया गया तो झामुमो आंदोलन को और तेज करेगा।

 

तीन लाख लोगो के सुविधा की अनदेखी बर्दाश्त नहीं : संजीव सरदार

 

विधायक ने कहा कि हल्दीपोखर, सिदिरसाई और आसपास के क्षेत्रों में लगभग तीन लाख की आबादी निवास करती है। यहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा और भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए नियमित रूप से पुरीधाम जाना पड़ता है। नई रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन स्थानीय स्टेशनों पर ठहराव नहीं मिलने से उनकी उम्मीदों को झटका लगा है। उन्होंने कहा कि रेल सेवा का लाभ तभी सार्थक होगा, जब इसका फायदा उस क्षेत्र की जनता को भी मिले, जहां से यह रेलखंड गुजरता है। विधायक ने कहा, “यह केवल ट्रेन के ठहराव का मामला नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की सुविधा और अधिकार का सवाल है। झामुमो जनता के इस हक की लड़ाई स्थानीय स्तर से लेकर दिल्ली तक लड़ेगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

रेलवे केंद्र के अधीन, भाजपा नेता जनता को गुमराह न करें

 

संजीव सरदार ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता रेलवे स्टेशन पर प्रदूषण के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें यह समझना चाहिए कि रेलवे केंद्र सरकार के अधीन है और केंद्र में भाजपा की सरकार है। स्थानीय सांसद भी भाजपा से हैं। ऐसे में क्षेत्र की जनता को केवल आश्वासन देने के बजाय रेलवे में ठहराव जैसे बुनियादी मुद्दों पर ठोस पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा जनता की आवाज बनकर खड़ा रहा है और हल्दीपोखर में हुए इस प्रदर्शन के माध्यम से रेलवे तक लोगों की मांग पहुंचाई जा रही है। “जनता की मांग जायज है और इस मांग को पूरा कराना हमारी जिम्मेदारी है। झामुमो के आंदोलन से ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित कराकर रहेंगे।”

 

हज़ारो की संख्या में पहुचे ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता

 

धरना-प्रदर्शन में हज़ारो की संख्या में पहुचे ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता पहुचे और रेल मंत्री से ट्रेन के ठहराओ की माँग की. इस प्रदर्शन में झामुमो नेता सुनील महतो, बबलू चौधरी, पूर्व पार्षद हीरामनी मुर्मू, चंद्रावती महतो, मुखिया बाघराय सोरेन, मुखिया कार्तिक मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य दुखु मार्डी, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, उपमुखिया ओमप्रकाश गुप्ता, विद्यसागर दास, हितेश भगत, भुवनेश्वर सरदार, चक्रधर महतो, भूपति महतो और जिकरुल होदा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share this news