बड़ा तालाब के चबूतरे पर नशेड़ियों का जमावड़ा, नाबालिगों के भविष्य पर मंडराया खतरा
जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू स्थित बड़ा तालाब के पास बने चबूतरे पर शाम होते ही नशा करने वालों की भीड़ जुटने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस जगह पर नशे का सेवन करने वालों में कम उम्र के बच्चे भी शामिल हैं। इससे इलाके के लोगों में चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शाम ढलने के बाद चबूतरे पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा शुरू हो जाता है। रात करीब आठ बजे के बाद यहां नशा करने वालों की संख्या बढ़ जाती है। आरोप है कि यहां अलग-अलग तरह के नशीले पदार्थों का सेवन किया जाता है, जिसका असर आसपास के माहौल पर भी पड़ रहा है।
इस रास्ते से हरहरगुट्टू सहित आसपास की बस्तियों के लोग आवागमन करते हैं। खासकर काम से लौटने वाली महिलाओं और स्कूल-कॉलेज की छात्राओं को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। ऐसे में शाम के समय नशेड़ियों की मौजूदगी से उनकी सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोग चिंतित हैं।
इस संबंध में स्थानीय बुद्धिजीवियों ने अपनी पहचान गोपनीय रखने का अनुरोध करते हुए प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन के माध्यम से लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती नशे की गतिविधियों पर रोक लगाने और नाबालिगों को इस बुरी लत से बचाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से चबूतरे पर नियमित गश्ती कराने, नशे का सेवन करने और नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इसका असर बच्चों और युवाओं के भविष्य पर पड़ सकता है। लोगों ने प्रशासन से बड़ा तालाब और आसपास के इलाके को सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाने की अपील की है।


