आदित्यपुर में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की चाकू मारकर हत्या, दूसरा पति गिरफ्तार
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आरआईटी थाना क्षेत्र के मीरूडीह बस्ती में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी पत्नी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 32 वर्षीय राधिका सवैया के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति विजय बानरा (26) को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 1 नवंबर की रात करीब 8:45 बजे की है। मीरूडीह बस्ती में घरेलू विवाद के दौरान कुण्डासोली (राजनगर) निवासी विजय बानरा ने अपनी पत्नी राधिका सवैया पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार से राधिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतका की सास बसंती सिंकू ने आरआईटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत कांड संख्या 46/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने छापेमारी कर आरोपी विजय बानरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, खून से सनी शर्ट, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।


