Newsझारखण्डसरायकेला

छठ एवं कार्तिक पूर्णिमा को लेकर प्रशासन अलर्ट, श्री जगन्नाथ और कुंदरसाईं घाट का हुआ निरीक्षण

 

 

सरायकेला: आगामी छठ महापर्व और कार्तिक पूर्णिमा को लेकर सरायकेला नगर पंचायत एवं जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने नगर पंचायत क्षेत्र के श्री जगन्नाथ घाट एवं कुंदरसाईं घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

 

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी और वार्ड पार्षद मौजूद रहे।

 

अधिकारियों ने दोनों घाटों की स्थिति का जायजा लेते हुए छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसमें घाटों की साफ-सफाई, छठव्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, गहरे पानी वाले स्थानों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और रिबन लगाने, पर्याप्त रोशनी तथा वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था शामिल है। निरीक्षण के बाद इन कार्यों को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।

 

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर पंचायत की ओर से सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व से पहले साफ-सफाई, प्रकाश, चेंजिंग रूम, सुरक्षा और पार्किंग की व्यवस्था पूरी की जाएगी।

 

वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है। निरीक्षण के दौरान जिन व्यवस्थाओं की जरूरत सामने आई है, उन्हें संबंधित विभागों के सहयोग से समय पर पूरा कराया जाएगा। घाटों पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और रोशनी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

 

नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि दोनों घाटों पर स्वच्छता, पेयजल, चेंजिंग रूम और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

 

कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी ने बताया कि निरीक्षण में चिह्नित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। साथ ही साफ-सफाई और अन्य तैयारियों की नियमित निगरानी की जाएगी।

 

नगर पंचायत और जिला प्रशासन के इस संयुक्त निरीक्षण से छठ महापर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा को लेकर तैयारियों में तेजी आने की उम्मीद है।

Share this news