Newsझारखण्ड

नवंबर से शुरू होगी ‘कोल्हान परिवर्तन यात्रा’, 14 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी टीम गौतम महतो

 

कोल्हान की बदहाली, बेरोजगारी, पलायन और बंद खदानों का मुद्दा उठाएंगे युवा नेता गौतम महतो

 

कोल्हान: कोल्हान क्षेत्र की समस्याओं को लेकर नवंबर महीने से ‘कोल्हान परिवर्तन यात्रा’ की शुरुआत होने जा रही है। कोल्हान के युवा नेता एवं ‘कोल्हान का बेटा’ के नाम से चर्चित गौतम महतो के नेतृत्व में इस यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा के माध्यम से कोल्हान प्रमंडल की सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

 

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य कोल्हान क्षेत्र की बदहाली, बेरोजगारी, पलायन, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, शिक्षा व्यवस्था, जर्जर सड़कों और रोजगार के अवसरों जैसे मुद्दों को सामने लाना है। इसके अलावा कोल्हान में लंबे समय से बंद पड़ी खदानों को सरकार से खुलवाने की मांग भी यात्रा के प्रमुख एजेंडों में शामिल है। आयोजकों का कहना है कि क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाई जाएगी।

 

जानकारी के अनुसार, इस अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए कोल्हान की सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों से युवाओं और स्थानीय लोगों को जोड़कर एक कमेटी गठित की जा रही है। यात्रा बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, ईचागढ़, सरायकेला, खरसावां, चक्रधरपुर, मनोहरपुर, जगन्नाथपुर, चाईबासा और मझगांव विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होगी।

 

राजनीतिक दृष्टिकोण से भी इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारों और स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यदि यह अभियान जनता के बीच अपनी पकड़ बनाने में सफल रहा, तो कोल्हान की राजनीति में इसका असर देखने को मिल सकता है। खासकर क्षेत्रीय मुद्दों, युवाओं की भागीदारी और परिवारवादी राजनीति को लेकर उठाए जाने वाले सवालों से राजनीतिक समीकरणों पर भी प्रभाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

 

अब देखना दिलचस्प होगा कि नवंबर से शुरू होने वाली यह कोल्हान परिवर्तन यात्रा जनता के बीच कितना समर्थन हासिल करती है और क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में कितनी सफल होती है।

Share this news