नीमडीह के सासांगडीह और चांडिल के डोबो में फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल हुईं विधायक सविता महतो, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
खेलकूद से युवाओं में अनुशासन, भाईचारा और टीम भावना का होता है विकास : सविता महतो

नीमडीह/चांडिल। जिलपा लाया तिलका मांझी आंचलिक समिति की ओर से नीमडीह प्रखंड के सासांगडीह, सियालगोड़ा एवं चांडिल प्रखंड के डोबो में आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और मैदान में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आनंद लिया।
मौके पर विधायक सविता महतो ने कहा कि खेलकूद से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। इसके साथ ही उनमें अनुशासन, आपसी भाईचारा, सहयोग और टीम भावना की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन बेहद सराहनीय है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

विधायक ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि वे मेहनत और लगन के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ें तथा भविष्य में अपने क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करें।

इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, मुखिया प्रतिनिधि हरेन सिंह, उपमुखिया जीतू कर्मकार, आयोजन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



