Newsझारखण्डसरायकेला

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जगन्नाथ घाट एवं कुदरसाईं घाट का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

 

आगामी छठ महापर्व को देखते हुए आज नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने जगन्नाथ घाट एवं कुदरसाईं घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं आवश्यक जनसुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के क्रम में विशेष रूप से जगन्नाथ घाट जाने वाले रास्ते में पड़े नुकीले पत्थरों को तत्काल हटाकर रास्ते को सुरक्षित एवं सुगम बनाने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त दोनों घाटों पर महिलाओं के लिए पर्याप्त एवं सुरक्षित चेंजिंग रूम, समुचित प्रकाश व्यवस्था, टावर लाइट एवं पोल लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

नदी के गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर रिबन एवं बैलून के माध्यम से सुरक्षा घेरा बनाने तथा खतरे वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं के प्रवेश को रोकने का निर्देश दिया गया। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती, आवश्यक सुरक्षा इंतजाम एवं आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि,

 

“छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का महान पर्व है। नगर पंचायत की यह जिम्मेदारी है कि प्रत्येक छठव्रती माता-बहनों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इसे केवल सरकारी ड्यूटी नहीं, बल्कि सेवा और श्रद्धा का कार्य समझकर पूरा करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मी की जवाबदेही तय की जाएगी।”

 

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत की उपाध्यक्ष श्री अविनाश कवि, सिटी मैनेजर देवाशीष प्रधान, यांत्रिकी अभियंता विक्की गोप, चांदनी सहित संबंधित कर्मचारी एवं सफाई कर्मी उपस्थित रहे।

 

हमारा संकल्प – स्वच्छ घाट, सुरक्षित घाट और सुविधाजनक छठ महापर्व।

Share this news