Newsझारखण्ड

झारखंड स्थापना दिवस पर JLKM ने भगवान बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, 50 नए लोगों ने ग्रहण की सदस्यता

 

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत केन्दमुंडी पंचायत के केन्दमुंडी गांव में रविवार को झारखंड स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान JLKM के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

कार्यक्रम में JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी, केंद्रीय महासचिव विद्येश्वर महतो, प्रखंड कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य, महिला मोर्चा की पदाधिकारी, केन्दमुंडी पंचायत के पूर्व मुखिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

 

इस मौके पर झारखंड राज्य के निर्माण में शहीदों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया गया। साथ ही राज्य की अस्मिता, भाषा, संस्कृति और जल-जंगल-जमीन के साथ स्थानीय अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान JLKM की विचारधारा और नीतियों से प्रभावित होकर करीब 50 लोगों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।

 

इस अवसर पर प्रेम मार्डी और विद्येश्वर महतो ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां के आदिवासी-मूलवासी समाज, भाषा, संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ी हुई है। भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और झारखंड के वीर शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए सभी को एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी।

 

नेताओं ने कहा कि 50 नए सदस्यों के जुड़ने से पंचायत और प्रखंड स्तर पर संगठन को मजबूती मिलेगी।

Share this news