दुर्गा पूजा में सुरक्षा को लेकर रेलवे और स्थानीय पुलिस अलर्ट, तिरूलडीह थाना में हुई संयुक्त बैठक
रेलवे स्टेशन परिसर में भीड़ पर रहेगी नजर, रेल पटरी पार करने के दौरान सतर्कता बरतने की अपील

तिरूलडीह। दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को तिरूलडीह थाना परिसर में रेलवे पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तिरूलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने की। इसमें दक्षिण पूर्व रेलवे के मुरी-चांडिल रेलखंड के रेलवे पुलिस निरीक्षक अवध बिहारी यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान तिरूलडीह और बंकारकुड़ी रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रेलवे ट्रैक की निगरानी करने तथा भीड़भाड़ के दौरान लोगों की आवाजाही पर नजर रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि दुर्गा पूजा के अवसर पर दोनों रेलवे स्टेशनों के आसपास पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में रेलवे लाइन के आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से ट्रेन के आवागमन के दौरान रेलवे ट्रैक पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। इसे देखते हुए रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
रेलवे पुलिस निरीक्षक अवध बिहारी यादव ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान दोनों रेलवे स्टेशनों पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। ऐसे में रेल परिचालन के दौरान विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ट्रेन गुजरने के दौरान लोगों को रेलवे ट्रैक पार करने से रोकने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की आशंका को कम करने के लिए रेलवे पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। दोनों विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाएंगे।
वहीं, तिरूलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने कहा कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तिरूलडीह और बंकारकुड़ी रेलवे स्टेशन परिसर में दुर्गा पूजा के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन के सामने से पटरी पार करने का प्रयास न करें। पुलिस प्रशासन सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में रेलवे पुलिस के पदाधिकारी एवं तिरूलडीह थाना के पुलिसकर्मी उपस्थित थे।



