हल्दीपोखर में विधायक संजीव सरदार ने भगवान बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, शिक्षा और जागरूकता पर दिया जोर
पोटका: झारखंड स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर स्थित बिरसा चौक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पोटका विधायक संजीव सरदार ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं, प्रखंड समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने भी धरती आबा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के साथ आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया था। उनके त्याग और बलिदान ने समाज को अपने अधिकारों के लिए लड़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज समाज को भी धरती आबा के विचारों से प्रेरणा लेते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की जरूरत है।
विधायक ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही अपने अधिकारों को समझ सकता है और उनकी रक्षा कर सकता है। समाज के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना और नई पीढ़ी को जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और विचारों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, झामुमो नेता हितेश भगत, बीरेन पात्रो सहित प्रखंड समिति के सदस्य एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।


