बिरसा मुंडा जयंती पर चंपई सोरेन ने अर्पित की श्रद्धांजलि, झारखंड गठन का श्रेय भाजपा को दिया
सरायकेला: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सरायकेला स्थित बिरसा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंपई सोरेन ने झारखंड राज्य के गठन को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने अलग झारखंड राज्य के निर्माण का श्रेय भारतीय जनता पार्टी को देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने झारखंड राज्य गठन के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल के दौरान अलग राज्य की मांग को दबाने का प्रयास किया और आंदोलन के दौरान शहीद हुए लोगों को भी वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा को आदिवासी समाज का हितैषी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में राज्य में 91 आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ओडिशा के मयूरभंज स्थित सरना स्थल पर जाकर साल के पेड़ के समक्ष शीश नवाया, जो आदिवासी परंपरा और संस्कृति के प्रति सम्मान को दर्शाता है।
वहीं, झारखंड की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए चंपई सोरेन ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और आदिवासी महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्य, विष्णु बानरा, पिंकी मोदक, बद्री दरोगा, गणेश गागराई, बीजू दत्ता, राजकुमार सिंह समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।


