पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय पर पुलिस छापेमारी के खिलाफ झारखंड पत्रकार एसोसिएशन ने जताया विरोध, मुख्य सचिव से निष्पक्ष जांच की मांग
जामताड़ा। पत्रकार अभिषेक भारती के रांची स्थित डिजिटल मीडिया कार्यालय में सिमडेगा एवं रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई और कार्यालय से सामान जब्त किए जाने के मामले ने पत्रकार संगठनों में नाराजगी बढ़ा दी है। इस कार्रवाई के विरोध में झारखंड पत्रकार एसोसिएशन ने कड़ा ऐतराज जताते हुए झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।

एसोसिएशन की ओर से जारी ज्ञापन में कहा गया है कि पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद उनके आवास एवं कार्यालय पर जिस तरह आनन-फानन में छापेमारी की गई, वह निंदनीय है। संगठन ने सवाल उठाया है कि किसी भी आरोपी को न्यायालय द्वारा दोषी साबित किए जाने से पहले अपराधी की तरह उसके साथ व्यवहार करना उचित नहीं है।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि संगठन किसी भी आरोपी को न्यायालय के फैसले से पहले दोषी नहीं मानता और न ही मीडिया ट्रायल का समर्थन करता है। हालांकि, मीडिया की स्वतंत्रता पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसोसिएशन ने कहा कि मीडिया की स्वतंत्रता के साथ-साथ पत्रकारिता के कोड ऑफ कंडक्ट का पालन भी अनिवार्य है।
संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर रोक लगाने तथा पीड़ादायक कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की है।
ज्ञापन में जामताड़ा से राज किशोर सिंह, उदय शंकर सिंह एवं निमाई मंडल के नाम भी शामिल हैं। संगठन ने सरकार से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता और पत्रकारों की गरिमा सुनिश्चित करने की अपील की है।



