मजदूरों की मांगों पर कार्रवाई की चेतावनी बर्दाश्त नहीं, हर परिस्थिति में साथ खड़ा रहेगा BKMS : संजय गोराई
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित EEFCO Metals & Powders Pvt. Ltd. कंपनी प्रबंधन और मजदूरों के बीच प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। कंपनी प्रबंधन की ओर से धरना-प्रदर्शन को लेकर गेट पर नोटिस लगाए जाने के बाद भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ (BKMS/JLKM) ने कड़ी आपत्ति जताई है।

संगठन के जिला अध्यक्ष संजय गोराई ने कहा कि मजदूर अपनी जायज मांगों और अधिकारों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। ऐसे में उनके आंदोलन को राजनीतिक करार देना और वेतन कटौती सहित कार्रवाई की चेतावनी देना उचित नहीं है।
संजय गोराई ने स्पष्ट कहा कि मजदूर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करते हैं तो BKMS/JLKM हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हक और सम्मान की लड़ाई से संगठन पीछे नहीं हटेगा, चाहे इसके लिए किसी भी तरह की कठिन परिस्थिति का सामना क्यों न करना पड़े।
उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मजदूरों से नियमित रूप से उत्पादन का काम लिया जा रहा है, तो उन्हें उचित नियुक्ति पत्र, न्यूनतम मजदूरी, पीएफ, ईएसआई और रोजगार की सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं क्यों नहीं दी जा रही हैं? मजदूरों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें आंदोलन नहीं करने की चेतावनी क्यों दी जा रही है?
संजय गोराई ने कहा कि झारखंड की धरती पर मजदूरों के साथ मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल, जंगल और जमीन झारखंड की पहचान है और यहां के मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करना संगठन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि उद्योगों का संचालन मजदूरों की मेहनत और पसीने से होता है। ऐसे में कंपनी प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि वह मजदूरों के अधिकारों का सम्मान करे और उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए समस्याओं का समाधान करे।
संजय गोराई ने दोहराया कि मजदूरों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में BKMS/JLKM उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।


