Newsझारखण्डसरायकेला

धान की फसल देखने खेत गए किसान को हाथियों ने पटक-पटक कर मार डाला, वन विभाग ने पत्नी को दिया 50 हजार रुपये का तत्काल मुआवजा

 

 

हाथियों के झुंड से ईचागढ़ क्षेत्र में दहशत, खेतों में धान कटनी करने से भी डर रहे किसान; मृतक के परिजनों को मिलेगा 10 लाख रुपये का मुआवजा

 

ईचागढ़: सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। धान की फसल देखने खेत गए 58 वर्षीय किसान सुकराम उरांव को जंगली हाथियों ने पटक-पटक कर मार डाला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

 

मृतक की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के धुंधाडीह टोला स्थित मुदीडीह गांव निवासी सुकराम उरांव के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, सुकराम उरांव रविवार अहले सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अपने खेत में कटे हुए धान को देखने गए थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी खोजबीन की। मंगलवार को खेत के समीप झाड़ीदार इलाके में उनका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि जंगली हाथियों ने उन्हें कुचलकर मार डाला।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी वनपाल कैलाश चंद्र महतो तथा ईचागढ़ थाना के एसआई सुधांशु कुमार और एएसआई मनिंदर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।

 

वहीं, वन विभाग की ओर से तत्काल राहत के तौर पर मृतक की पत्नी बीबी देवी को 50 हजार रुपये नगद मुआवजा दिया गया। प्रभारी वनपाल कैलाश चंद्र महतो ने बताया कि सरकार की ओर से हाथी के हमले में मृत व्यक्ति के आश्रितों को अब 10 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष मुआवजा राशि का भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा मृतक के आश्रितों को तीन वर्षों तक प्रतिमाह दो-दो हजार रुपये पेंशन भी दी जाएगी।

 

इधर, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य और ग्रामीणों ने घटनास्थल के आसपास मौजूद तीन हाथियों को गांव से सुरक्षित भगाने की मांग वन विभाग से की है।

 

हाथियों के झुंड से ग्रामीणों में दहशत

 

ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के पिलीद, सालुकडीह, मुदीडीह, रघुनाथपुर, टीकर और कुटाम समेत आसपास के जंगलों एवं झाड़ियों में दर्जनों जंगली हाथी अलग-अलग झुंडों में डेरा जमाए हुए हैं। हाथियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। खासकर किसान अपने खेतों में धान की कटाई करने से भी डर रहे हैं।

 

किसान की हाथियों के हमले में मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में दहशत और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के झुंड के क्षेत्र में विचरण करने से उनकी जान-माल पर खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित तरीके से क्षेत्र से दूर भगाने तथा प्रभावित गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसान बिना किसी डर के अपनी धान की फसल की कटाई कर सकें।

Share this news