JamshedpurNewsझारखण्ड

पोटका में कृषि मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन, विधायक संजीव सरदार ने उत्कृष्ट किसानों को किया सम्मानित

 

 

9 किसानों के बीच सात लाख रुपये का केसीसी ऋण वितरित, 25 किसानों को मिला मृदा जांच प्रमाण पत्र; कृषि यंत्र और प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया किसानों का उत्साह

 

पोटका: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सोमवार को पोटका प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के परियोजना निदेशक आत्मा, पूर्वी सिंहभूम की ओर से आयोजित इस मेले में विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों किसानों ने अपने कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने फीता काटकर किया।

 

इस अवसर पर बेहतर कृषि उत्पादन करने वाले किसानों को कृषि यंत्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, नौ किसानों के बीच कुल सात लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण वितरित किया गया। इसके अलावा 25 किसानों को मृदा जांच प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

 

किसानों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं। उनकी मेहनत से ही हम सभी को भोजन मिलता है। वर्तमान समय में लगातार बढ़ती जनसंख्या और सीमित रोजगार के अवसरों को देखते हुए कृषि क्षेत्र में भविष्य की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को भी आधुनिक खेती और कृषि से जुड़ी गतिविधियों को रोजगार के रूप में अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, उत्पादन बढ़ाना और उनकी आय में वृद्धि करना है। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।

 

विधायक ने सोहदा पंचायत के बालीजुड़ी में संचालित कृषक पाठशाला का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां 25 एकड़ भूमि पर किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीके से खेती करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों से कृषक पाठशाला का लाभ उठाकर नई तकनीकों को अपनाने की अपील की।

 

खेती में जैविक खाद के महत्व पर जोर देते हुए विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में जैविक तरीके से उत्पादित कृषि उपज की मांग और उपयोगिता बढ़ रही है। किसानों को रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करते हुए जैविक खाद के इस्तेमाल को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने बताया कि जैविक खाद के उपयोग के मामले में लातेहार जिला राज्य में प्रथम स्थान पर है। किसानों को भी टिकाऊ और लाभकारी खेती की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

 

कृषि मेला सह प्रदर्शनी में विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों ने गेंदे के फूल, अमरूद, लौकी, कोहड़ा, गन्ना, पपीता, धान, फूलगोभी, बंदगोभी, बैंगन, टमाटर, गाजर, मूली, मिर्च, ओल और मशरूम सहित कई कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। इसके अलावा शिमला मिर्च की खेती तथा मुर्गी और बतख पालन से जुड़े उत्पादकों ने भी अपनी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया।

 

बेहतर उत्पादन करने वाले किसानों में गेंदे के फूल की खेती के लिए कंचन मंडल एवं चंदन मंडल तथा अमरूद उत्पादन के लिए दुलाल महाकुड़ एवं लोसो हेंब्रम को विधायक संजीव सरदार ने कृषि यंत्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

 

कार्यक्रम में सुधीर सोरेन, बीपीएम कौशल झा, बीएओ देवेंद्र महतो, आनंद दास, एटीएम फुलेश्वर महतो एवं प्रतिमा महतो, भुवनेश्वर सरदार, बीरेन पात्र, हितेश भगत, जनसेवक सुखदेव हेंब्रम, कौशिक डे, कृषक मित्र विश्वजीत गोप, संदीप पाटबांधा, परमेश्वर मुर्मू, प्रदीप मंडल, फलींद्र गोप, पियुष मंडल, शिव महाकुड़, दुलाल महाकुड़, जमाल खान सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Share this news