जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने किया सरसों बीज वितरण का शुभारंभ
ईचागढ़ -सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में कृषि विभाग की राष्ट्रीय मिशन योजना के तहत रबी फसल की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों के बीच निशुल्क सरसों बीज का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने अपने हाथों से किसानों को सरसों बीज वितरित कर बीज वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया ।

इस अवसर पर मधुश्री महतो ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को समय पर उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराना है, ताकि कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ किसानों की आमदनी बढ़ सके। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तरीके अपनाकर सरसों की खेती करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को सरसों की उन्नत किस्म, बुआई का उचित समय, बीज उपचार और खाद प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
मौके पर कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला पातर, झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष कृतिवास महतो, बीटीएम हिमांशु कुमार महतो, किसान मित्र एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।



