अधूरी पुलिया बनी हादसे की वजह, बाइक सवार तीन छात्र घायल – दो की हालत गंभीर

पोटका: नेशनल हाईवे 220 पर हाता माता आश्रम के समीप रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा गांधी कॉलेज सीजूलता के तीन छात्रों को भुगतना पड़ा। हादसे में तीनों छात्र घायल हो गए, जिनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार होने के कारण अवकाश का दिन था। गांधी कॉलेज में पढ़ने वाले तीन दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर हाता बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नव-निर्मित पुलिया के पास पहुंचते ही उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक के नीचे जा घुसी।
बताया जाता है कि पुलिया के दोनों छोर पर पहुंच पथ का निर्माण कार्य ठेकेदार द्वारा महीनों से अधूरा छोड़ दिया गया है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अधूरे निर्माण कार्य के कारण पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पोटका पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा, जहां दो छात्रों की हालत नाजुक बनी हुई है।
घायलों में बोकारो निवासी अल्ताफ राजा, चांडिल के मनोज गोप एवं उनका एक अन्य साथी शामिल हैं, जो गांधी कॉलेज में रहकर पढ़ाई करते हैं।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। सामाजिक कार्यकर्ता आनंद पाल एवं तापस बिशोय ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण लगातार लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और संबंधित ठेकेदार जल्द इस समस्या का समाधान नहीं करते हैं, तो स्थानीय लोग पुलिया को बंद कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरे निर्माण कार्य को अविलंब पूरा कराया जाए और जिम्मेदार ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

