कोल्हान के मरीजों के लिए राहत: मगध सम्राट अस्पताल में निशुल्क नेत्र जांच शिविर, सफल ऑपरेशन के बाद मरीज घर रवाना

आदित्यपुर : कोल्हान के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। आंखों की बीमारी और महंगे इलाज से परेशान मरीजों के लिए मगध सम्राट ट्रस्ट की ओर से आदित्यपुर स्थित मगध सम्राट अस्पताल में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कोल्हान के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की आंखों की जांच की गई और जरूरतमंद मरीजों का सफल ऑपरेशन कर उन्हें सुरक्षित घर भेजा गया।



शिविर में जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, चाईबासा, पोटका, कुचाई, ईचागढ़, चांडिल समेत दूर-दराज इलाकों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। अस्पताल पहुंचे लोगों ने बताया कि यहां जांच और इलाज पूरी तरह निशुल्क किया गया, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिली।
आई सर्जन डॉ. पी. एम. बारा ने बताया कि शिविर में आए पुरुष और महिला मरीजों की आंखों की जांच की गई। जिन मरीजों को ऑपरेशन की जरूरत थी, उनका सफल ऑपरेशन भी किया गया। ऑपरेशन के बाद सभी मरीजों को आवश्यक सलाह देकर सुरक्षित घर भेजा गया।
मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन और ट्रस्ट की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई लोग आंखों का इलाज नहीं करा पाते हैं, ऐसे में यह शिविर गरीबों के लिए काफी मददगार साबित हो रहा है।
मगध सम्राट ट्रस्ट की ओर से जानकारी दी गई कि अब अस्पताल में प्रत्येक शुक्रवार को निशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मरीजों का ऑपरेशन भी पूरी तरह मुफ्त किया जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि शिविर का लाभ लेने के लिए मरीजों को सिर्फ अपना ओरिजिनल आधार कार्ड साथ लाना होगा। वोटर आईडी, राशन कार्ड या किसी स्वास्थ्य बीमा दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। जांच और इलाज पूरी तरह निशुल्क रहेगा।

