LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

रात में घर से निकला पंकज, सुबह झाड़ियों में मिली लाश; कुल्हाड़ी से हत्या की आशंका

तिरुलडीह के छोटालापांग गांव की घटना, प्रेमिका और उसकी मां से पुलिस कर रही पूछताछ; मोबाइल फोन जब्त कर जांच में जुटी पुलिस**

 

 *लोकेशन /तिरुलडीह* 

 

सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र के छोटालापांग गांव में 19 वर्षीय युवक पंकज गोप की हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव मंगलवार सुबह गांव के चौक के समीप झाड़ियों में खून से लथपथ मिला। शरीर पर चोट के निशान और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए कुल्हाड़ी से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम पंकज के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। फोन आने के बाद वह घर से बाहर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। रातभर खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के चौक के आसपास झाड़ियों में उसका शव देखा। इसकी सूचना तत्काल तिरुलडीह थाना पुलिस को दी गई।

 

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर शाम शव गांव लाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।

 

**परिजनों ने लड़की के परिजनों पर लगाया हत्या का आरोप**

 

मृतक के परिजनों का आरोप है कि पंकज को फोन कर घर से बाहर बुलाया गया था। इसके बाद घात लगाकर बैठे लड़की के परिजनों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

 

**प्रेमिका और उसकी मां से पूछताछ**

 

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। वहीं, मामले में प्रेमिका और उसकी मां से थाने में पूछताछ की जा रही है। बुधवार सुबह पुलिस टीम मृतक के पिता पशुपति गोप और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ करने पहुंची। पुलिस ग्रामीणों से जानकारी जुटाकर घटना की कड़ियों को जोड़ने में लगी है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं।

 

फिलहाल पुलिस अनुसंधान जारी है। हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों को लेकर पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share this news