अंतर जिला महिला अंडर -23 क्रिकेट प्रतियोगिता, 25-26

झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अंतर जिला महिला अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए ग्रुप-ए के लीग मैच में बोकारो ने खूँटी को एवं रामगढ़ ने सिमडेगा को पराजित कर अपना विजय अभियान शुरु किया।


चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के पहले मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए खूँटी की पूरी टीम निर्धारित बीस ओवर में किरण उरांव के नाबाद 31 रनों की बदौलत पाँच विकेट के नुकसान पर 93 रन ही जुटा पाई। बोकारो की प्रियंका राज ने 17 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी बोकारो की टीम ने 12 ओवर में मात्र दो विकेट के नुकसान पर 97 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। बोकारो की ओर से खुशबू कुमारी ने चार चौके एवं एक छक्का की मदद से नाबाद 34 रन बनाए। विजेता ने भी पाँच चौके की सहायता से 31 रनों की पारी खेली। बोकारो की प्रियंका राज को उसकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर अॉफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
आज ही अपराह्न एक बजे से खेले गए दूसरे मैच में रामगढ़ की टीम ने सिमडेगा को एक नजदीकी मुकाबले में मात्र 9 रनों से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रामगढ़ की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 135 रनों का स्कोर खड़ा किया। रामगढ़ की ओर से प्रगति कुमारी ने पाँच चौके एवं एक छक्का की सहायता से 55 नाबाद रनों की शानदार पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में अमीसा परमार ने सात चौके की मदद से नाबाद 44 तथा प्रतीक्षा कुमारी ने 20 रनों का योगदान दिया।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिमडेगा की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर 19.3 ओवर में 126 रन बनाकर पूरी टीम पैविलियन लौट गई। सिमडेगा की ओर से आयुषी गोदियाल ने 33, माही आन्या तथा ज्योति कुमारी ने 26-26 रन बनाए। रामगढ़ की ओर से बल्लेबाजी में दम दिखाने वाली प्रगति कुमारी ने गेंदबाजी में भी अपना दम दिखाया और मात्र 13 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। रंजीता कुमारी ने 23 रन देकर तीन तथा स्तुती तथा अनुष्का ने दो-दो विकेट हासिल किए। मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में रामगढ़ की प्रगति कुमारी को उसके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। पुरस्कार स्वरुप उसे पाँच हजार रुपये की नकद राशि मैच के लाइजनिंग आफिसर रंधीर विश्वास एवं मैच पर्यवेक्षक मनोज सिंह ने संयुक्त रूप से प्रदान की।

