Jamshedpurझारखण्ड

विक्रम उद्योग प्रा.लि. में अशोक सिंह राघव बने डायरेक्टर, 600-700 करोड़ कारोबार वाली कंपनी में नई जिम्मेदारी

जमशेदपुर:

शहर के कारोबारी जगत से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। उद्योगपति विक्रम शर्मा की कंपनी विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड में नए डायरेक्टर की नियुक्ति की गई है। कंपनी प्रबंधन ने अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव को निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी है।

अशोक कुमार सिंह जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं और वे मीडिया क्षेत्र से भी जुड़े रहे हैं। उन्हें एक समाचार चैनल का चेयरमैन भी बताया जाता है।

कंपनी से जुड़े सूत्रों के अनुसार, विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड का कारोबार देश के कई राज्यों में फैला हुआ है। हरियाणा के गुरुग्राम-रोहतक क्षेत्र में पेय पदार्थ बॉटलिंग प्लांट, मध्य प्रदेश के जबलपुर में बड़े भू-भाग पर निवेश, पश्चिम बंगाल के रानीगंज में कोयला कारोबार, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में सिलिका (क्वार्ट्ज) कार्य तथा झारखंड के घाटशिला में पत्थर क्रशिंग यूनिट संचालित होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जाता है कि कंपनी का सालाना टर्नओवर लगभग 600 से 700 करोड़ रुपये के बीच है। इसके अलावा कोलकाता में भी कंपनी से जुड़ी मूल्यवान जमीन होने की चर्चा है।

गौरतलब है कि इसी साल 13 जनवरी को विक्रम शर्मा की देहरादून स्थित एक मॉल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद से मामले की जांच जारी है, हालांकि अब तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

कंपनी प्रबंधन द्वारा अशोक कुमार सिंह को डायरेक्टर बनाए जाने को कारोबारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share this news