Newsझारखण्ड

जयराम महतो की गिरफ्तारी पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का बड़ा ऐलान, बेबी महतो बोलीं- आंदोलन के लिए तैयार है पार्टी

 

 

झारखंड। विधायक जयराम महतो और पुलिस एसोसिएशन के बीच चल रहा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इसी बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की नेत्री बेबी महतो ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अगर जयराम महतो को गिरफ्तार किया जाता है या उनकी विधायकी पर कोई कार्रवाई होती है, तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने पूरे झारखंड में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

 

बेबी महतो ने प्रेस वार्ता में कहा कि जयराम महतो के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति में पार्टी के कार्यकर्ता मजबूती के साथ सड़क पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन को पूरे राज्य में व्यापक रूप दिया जाएगा और पार्टी किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगी।

 

उन्होंने दावा किया कि बालू घाट से जुड़े कुछ मामलों में ट्रैक्टर मालिकों से कथित रूप से पैसे की मांग किए जाने की शिकायत जयराम महतो तक पहुंची थी। इसी मामले को लेकर पहले संदेश के माध्यम से बातचीत हुई और बाद में थाना प्रभारी से फोन पर भी बात की गई। बेबी महतो का आरोप है कि बातचीत के एक हिस्से को सामने लाकर पूरे मामले को अलग तरीके से पेश किया जा रहा है।

 

बेबी महतो ने कहा कि अगर सच्चाई सामने लानी है तो पूरी बातचीत सार्वजनिक होनी चाहिए। उनके अनुसार, केवल बातचीत के एक हिस्से के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है।

 

उन्होंने जयराम महतो का बचाव करते हुए कहा कि विधायक आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार विधानसभा में उठाते हैं। खासकर गरीब, पिछड़े और शोषित लोगों की समस्याओं को लेकर उनकी आवाज मुखर रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जयराम महतो के रुख के कारण ही जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है।

 

पुलिस एसोसिएशन की ओर से कथित तौर पर माफी की मांग किए जाने पर बेबी महतो ने कहा कि जयराम महतो किसी दबाव में माफी नहीं मांगेंगे। उन्होंने दावा किया कि विधायक की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।

 

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने साफ कर दिया है कि जयराम महतो की गिरफ्तारी या उनकी विधायकी को लेकर कोई बड़ी कार्रवाई होती है, तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। इस बयान के बाद झारखंड की राजनीति में इस विवाद को लेकर हलचल और बढ़ गई है।

Share this news