Newsझारखण्ड

महिला आरक्षण मुद्दे पर गरमाई राजनीति, 25 अप्रैल को रांची में भाजपा का आक्रोश मार्च

रांची:

महिला आरक्षण बिल समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी 25 अप्रैल को रांची में बड़े स्तर पर आक्रोश मार्च आयोजित करने जा रही है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है और संगठन स्तर पर व्यापक रणनीति बनाई जा रही है।

इसी कड़ी में बुधवार को रांची में दो अलग-अलग स्थानों पर बैठकें आयोजित की गईं। पहली बैठक भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई, जिसमें रांची महानगर और विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। वहीं दूसरी बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कुच्चू स्थित आवास पर रांची पश्चिमी जिला इकाई के साथ आयोजित की गई।

प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और महानगर अध्यक्ष वरुण साहू समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक के दौरान आक्रोश मार्च की रूपरेखा, जिम्मेदारियां और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

विपक्ष पर साधा निशाना

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस और सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर गंभीरता दिखाने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है।

साथ ही उन्होंने रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना का जिक्र करते हुए राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आम जनता में भय का माहौल है। सरकार को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

नारी शक्ति को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

कुच्चू में भी हुई समीक्षा बैठक

कुच्चू स्थित आवास पर आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि आक्रोश मार्च में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इस दौरान रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share this news