भिवाड़ी हादसे में मृत मजदूरों के श्राद्धक्रम में शामिल हुईं विधायक सविता महतो, परिजनों को बंधाया ढांढस

चांडिल : हरियाणा के भिवाड़ी में हुए दर्दनाक हादसे में ईचागढ़ के दो मजदूरों की मौत के बाद सोमवार को उनके गांव में आयोजित श्राद्धक्रम में सविता महतो शामिल हुईं। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मिलकर गहरा शोक व्यक्त किया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। मालूम हो कि हरियाणा के दिल्ली–जयपुर हाईवे के कापड़ियावास क्षेत्र स्थित सिगनेचर ग्लोबल सोसाइटी की एक निर्माणाधीन साइट पर खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस जाने से बड़ा हादसा हो गया था। इस हादसे में ईचागढ़ के दो समेत कुल छह मजदूरों की मौत हो गई थी। इस दर्दनाक घटना में ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के बुरुहातू निवासी शिव शंकर सिंह मुंडा और हुंडी निवासी परमेश्वर महतो की मौत हो गई थी। सोमवार को दोनों के गांव में श्राद्धक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक सविता महतो पहुंचीं और परिजनों से मिलकर उनका दुख साझा किया।


इस दौरान विधायक ने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। बाहर काम करने गए मजदूरों की इस तरह मौत होना पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। मालूम हो कि हादसे में मृत सभी मजदूरों के परिजनों को कंपनी की ओर से मुआवजा राशि प्रदान कर दी गई है।विधायक ने कहा कि यदि परिवारों को आगे किसी प्रकार की सहायता की जरूरत होगी तो वह हर स्तर पर सहयोग करने के लिए तैयार हैं। इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, कृष्णा किशोर महतो, सपन आदित्यदेव, किशुन किस्कू, आदि काफी संख्या में ग्रामीण व परिजन उपस्थित थे।


