Newsझारखण्ड

बंगाल जीत के बाद झारग्राम पहुंचे चम्पाई सोरेन का ऐतिहासिक स्वागत

 

झारग्राम : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के झारग्राम पहुंचने पर आदिवासी समाज ने उनका भव्य स्वागत किया। बिनपुर में आयोजित भारत जकात मांझी परगना महाल के सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे चम्पाई सोरेन के स्वागत के लिए हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए।

 

कार्यक्रम में पहुंचने पर बिनपुर के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक डॉ. प्रणत टुडू एवं मांझी परगना महाल के पदाधिकारियों ने उनका पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया। इस अवसर पर चम्पाई सोरेन ने आदिवासी समाज से एकजुट होकर अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने लंबे समय तक चले उत्पीड़न और उपेक्षा के खिलाफ मतदान कर अपने संस्कारों, परंपराओं और समाज को सुरक्षित रखने का रास्ता चुना है। उन्होंने जंगलमहल क्षेत्र की 40 में से 38 सीटों तथा राज्य की सभी 16 अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीटों पर भाजपा को समर्थन देने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया।

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के विश्वास पर खरा उतरना भाजपा की प्राथमिकता होगी और जंगलमहल क्षेत्र के सभी विधायक आम लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने समाज के युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के संघर्षों से परिचित कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए वीर सिदो-कान्हू, बाबा तिलका मांझी तथा वीरांगना फूलो-झानो के योगदान को याद रखने का आह्वान किया।

 

चम्पाई सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता ने परिवर्तन का समर्थन किया है और अब पश्चिम बंगाल विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया।

 

वहीं, बिनपुर विधायक डॉ. प्रणत टुडू ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में चम्पाई सोरेन की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उनका अनुभव और मार्गदर्शन समाज तथा संगठन दोनों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने आदिवासी समाज से संस्कृति संरक्षण और सामाजिक एकता के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

 

गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान चम्पाई सोरेन को आदिवासी बहुल जंगलमहल क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। चुनाव परिणामों में भाजपा ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पहली बार राज्य में सरकार बनाने का दावा किया है। इस जीत के बाद क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

Share this news