चांडिल गोलचक्कर पर दुकानों को हटाने की मांग तेज, ग्रामीणों ने दिनभर दिया धरना
दुकानों के चारों ओर लकड़ी का घेरा बनाकर जताया विरोध, पुलिस ने जमीन के कागजात प्रस्तुत करने का दिया निर्देश

चांडिल: टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-33 स्थित साहेरबेड़ा चांडिल गोलचक्कर पर दुकानों को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर जुटे तथा संबंधित दुकानों के चारों ओर लकड़ी का घेरा बनाकर अपना विरोध जताया। सुबह से शुरू हुआ धरना देर शाम तक जारी रहा। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मौके पर ही खाना बनाया और भोजन करते हुए धरने पर डटे रहे।
मामले की सूचना मिलने पर शाम करीब चार बजे चांडिल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने बताया कि संबंधित जमीन का अधिग्रहण वर्षों पहले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा किया जा चुका है। उन्होंने ग्रामीणों से जमीन पर अपने दावे के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, ताकि कागजात की जांच कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि दस्तावेजों की जांच में जमीन पर ग्रामीणों का दावा सही पाया जाता है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए ग्रामीणों को मामले में लिखित आवेदन देने का भी निर्देश दिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार, जमीन से संबंधित प्रक्रिया पूरी होने तक उक्त स्थल पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत धारा 163 (पूर्व में धारा 144) लागू रहेगी।

पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया गया। हालांकि, दुकानों को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का विरोध क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। अब जमीन से संबंधित दस्तावेजों की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।



