चांडिल में ‘एक पेड़ भाई के नाम’, महिलाओं ने पेड़ों को बांधी राखी

चांडिल। रक्षाबंधन के अवसर पर चांडिल वन क्षेत्र के गुंडाबिहार गांव में वन प्रबंधन संरक्षण समिति की ओर से ‘एक पेड़ भाई के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और युवतियों ने पेड़ों की पूजा-अर्चना कर उन्हें राखी बांधी और जंगल की रक्षा का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में वन प्रबंधन संरक्षण समिति के श्रीकृष्णा सिंह सरदार, वनपाल चांडिल सुरेंद्र कुमार गोप, नीमडीह प्रभारी फॉरेस्ट रतन गोराई और वनरक्षी रघुवर सिंह मुंडा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे पेड़ों को न तो काटेंगे और न ही किसी को काटने देंगे।

ग्रामीणों ने कहा कि जंगल उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके संरक्षण से पर्यावरण के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा भी जुड़ी हुई है। मौके पर गुंडा पंचायत के मुखिया बुका सिंह, बासुदेव सिंह सरदार, उप मुखिया विश्वदेव महतो, हरे कृष्ण सिंह सरदार समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।


