Newsझारखण्ड

नेपाल की बाढ़ में पलामू का मजदूर लापता, आखिरी कॉल के बाद महेंद्र से टूटा संपर्क

पलामू: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच झारखंड के पलामू जिले का एक प्रवासी मजदूर लापता हो गया है। पलामू निवासी महेंद्र विश्वकर्मा नेपाल के बाणेश्वर क्षेत्र स्थित एक हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में फैब्रिकेटर के तौर पर काम कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक 26 अगस्त से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। इसी दिन नेपाल में भारी बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति बनी थी।

बताया गया कि महेंद्र विश्वकर्मा इसी साल मार्च में रोजगार के लिए नेपाल गए थे। वहां वह हाइड्रो पावर परियोजना में काम कर रहे थे। परिवार के लोगों के अनुसार महेंद्र रोजाना फोन के जरिए घरवालों से बातचीत करते थे। 25 अगस्त की रात भी उनकी परिजनों से बात हुई थी। उस समय उन्होंने किसी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था।

अगले दिन 26 अगस्त की सुबह करीब 8 बजकर 7 मिनट पर महेंद्र के मोबाइल से घर पर कॉल आया था। हालांकि उस समय परिजन फोन रिसीव नहीं कर सके। कुछ देर बाद जब परिवार ने वापस उसी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया तो मोबाइल बंद मिला। इसके बाद लगातार कॉल करने के बावजूद महेंद्र से बात नहीं हो सकी।

नेपाल में बाढ़ की खबर सामने आने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। परिजन अपने स्तर से महेंद्र के साथ काम करने वाले लोगों और संबंधित कंपनी के अधिकारियों से संपर्क करने लगे। परिवार के मुताबिक कंपनी की ओर से उन्हें बताया गया कि परियोजना में काम करने वाले कर्मचारी सुरक्षित हैं। इसके बावजूद महेंद्र से व्यक्तिगत रूप से बातचीत नहीं होने के कारण परिवार पूरी तरह आश्वस्त नहीं हो पा रहा है।

परिजनों का कहना है कि जिस हाइड्रो प्रोजेक्ट में महेंद्र काम कर रहे थे, वह काफी दुर्गम इलाके में स्थित है। वहां कर्मचारियों को कार्यस्थल तक पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टर का भी इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में बाढ़ के बाद वहां की वास्तविक स्थिति को लेकर परिवार की चिंता बनी हुई है।

महेंद्र के परिजन अब उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। परिवार का कहना है कि जब तक महेंद्र खुद फोन कर अपनी कुशलता नहीं बताएंगे, तब तक उनकी चिंता दूर नहीं होगी। लंबे समय से संपर्क नहीं होने के कारण घर में बेचैनी का माहौल है और परिजन लगातार उनके सुरक्षित होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

Share this news