चांडिल डकैती कांड : डिलीवरी बॉय निकला वारदात का सूत्रधार, धनबाद के स्वर्णकार के पास से 24 लाख के जेवर बरामद
चांडिल बाजार स्थित आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर में हुई भीषण डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चांडिल थाना क्षेत्र के सुकसारी निवासी राहुल कुमार महतो और धनबाद जिले के बरौरा थाना क्षेत्र के हरिना निवासी स्वर्णकार त्रिवेणी प्रसाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 9-10 अक्टूबर की मध्यरात्रि चांडिल बस स्टैंड के समीप रहने वाले पूर्व आभूषण व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर में अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। अपराधी घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में चांडिल थाना में मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पहले इस कांड में शामिल पांच आरोपियों की पहचान की। इनमें मोहिउद्दीन अंसारी, गुलजार अंसारी, सहादम अंसारी, सोबराती अंसारी और शेख जमील शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों को हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
डिलीवरी कर्मी ने की थी रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार राहुल कुमार महतो एक डिलीवरी कंपनी में काम करता था और घर-घर जाकर सामान पहुंचाता था। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2022-23 में जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मुलाकात मोहिउद्दीन अंसारी और सोबराती अंसारी से हुई थी। आरोप है कि राहुल ने ही व्यवसायी के घर की पहचान कर अपराधियों को जानकारी दी थी और वारदात को अंजाम देने के लिए उन्हें बुलाया था।
*स्वर्णकार के पास से मिले लूटे गए जेवर*
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने लूटे गए आभूषणों के खरीदार धनबाद निवासी स्वर्णकार त्रिवेणी प्रसाद को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामदगी करते हुए 5142 ग्राम गला हुआ चांदी, 80 ग्राम गला हुआ सोना, ब्रिटिशकालीन चांदी के 32 सिक्के, ब्रेसलेट में जड़े 11 छोटे पत्थर, पीपल के पत्ते के आकार के दो चांदी के आभूषण तथा अन्य सामान बरामद किए। पुलिस ने दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये है। मामले में आगे की जांच जारी है।
छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक दूसरू बानसिंह, पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ, चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी, तिरुलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, राजेश कुमार सिंह, राजू कुमार, राहुल भारती, आलम चांद महतो, कमल यादव, अमय कृष्ण सिंह,संदीप दुबे, दीपक सुंडी आदि पदाधि
कारी शामिल थे।



