पिछले साल एक ही परिवार के तीन लोगों की डूबने से हुई थी मौत, इस बार विश्वास घाट पर छठ पूजा पर लगी रोक
स्वर्णरेखा नदी के तेज बहाव और अधिक गहराई को देखते हुए चांडिल पुलिस का एहतियाती फैसला, 14 से 16 नवंबर तक घाट जाने वाले रास्ते पर रहेगी बैरिकेडिंग

चांडिल: पिछले साल छठ पूजा के दौरान स्वर्णरेखा नदी में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत की घटना से सबक लेते हुए चांडिल पुलिस ने इस बार सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। शहरबेड़ा स्थित विश्वास घाट को श्रद्धालुओं के लिए असुरक्षित घोषित करते हुए वहां छठ पूजा और अर्घ्य देने पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर 14 नवंबर से 16 नवंबर की सुबह के अर्घ्य तक घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर आवागमन पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
बुधवार को पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिंह एवं चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने पूजा समिति के सदस्यों के साथ थाना क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान शहरबेड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी छठ घाट, शहरबेड़ा विश्वास घाट तथा जयदा मंदिर के समीप स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने घाटों की स्थिति, नदी के जलस्तर, पानी की गहराई, तेज बहाव और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान शहरबेड़ा स्थित विश्वास घाट की स्थिति काफी जोखिमपूर्ण पाई गई। यहां स्वर्णरेखा नदी का बहाव तेज होने के साथ पानी की गहराई भी अधिक है। पुलिस अधिकारियों ने पिछले वर्ष इसी घाट पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की डूबने से हुई मौत की घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेने का निर्णय लिया। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पूजा समिति को स्पष्ट रूप से घाट पर छठ पूजा आयोजित नहीं करने की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने पूजा समिति के सदस्यों से आसपास के ग्रामीणों और छठ व्रतियों को घाट की खतरनाक स्थिति के बारे में जागरूक करने की अपील की। साथ ही 14 नवंबर से 16 नवंबर की सुबह के अर्घ्य तक घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग लगाने का निर्णय लिया गया है, ताकि श्रद्धालु वहां तक नहीं पहुंच सकें।
इस दौरान पूजा समिति के सदस्य रामायण यादव, मनोज राय सहित अन्य लोग उपस्थित थे। चांडिल पुलिस ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे विश्वास घाट पर जाने से बचें और सुरक्षित घाटों पर ही छठ पूजा एवं अर्घ्य अर्पित करें।
आस्था के महापर्व छठ में श्रद्धा के साथ सुरक्षा भी जरूरी है। पिछले साल हुई दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस ने पहले ही सतर्कता बरतते हुए यह कदम उठाया है।



