चौका ओवरब्रिज पर डिवाइडर से टकराई बलेनो कार, भाजपा युवा नेता आकाश महतो ने घायल चालक को पहुंचाया अस्पताल
चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित चौका ओवरब्रिज पर बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे एक सड़क हादसा हो गया। रांची की ओर से जमशेदपुर आ रही बलेनो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार चालक को हल्की चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा युवा नेता आकाश महतो तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को क्षतिग्रस्त कार से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद चौका थाना पुलिस की मदद से घायल को बेहतर इलाज के लिए चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
घायल चालक की पहचान मोहम्मद जियाउद्दीन के रूप में हुई है। वह जमशेदपुर के मानगो स्थित आजाद बस्ती, ओल्ड पुरुलिया रोड के निवासी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, वह रामगढ़ के बरकाकाना रेलवे में जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और रामगढ़ से अपने घर जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान चौका ओवरब्रिज पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
हादसे के बाद घायल चालक की मदद के लिए भाजपा युवा नेता आकाश महतो की तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि सड़क दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में समय पर मदद पहुंचाना बेहद जरूरी है। संकट की घड़ी में जरूरतमंद की सहायता करना ही सच्ची मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक है।



