Newsझारखण्ड

धनबाद से बड़ी खबर | दुर्गा पूजा में सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा

 

धनबाद : दुर्गा पूजा पर्व के दौरान शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रविवार को उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर पूजा पंडालों और मेलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

 

फ्लैग मार्च पुलिस केंद्र से शुरू होकर बैंक मोड़, धनसार, कतरास मोड़, झरिया, इंदिरा चौक, लोदना, फुसबंगला, जोरापोखर, डिगवाडीह, पाथरडीह, गौशाला मोड़, सिंदरी, बलियापुर, कलियासोल, एगयारकुंड, कालूबथान, पंचेत, चिरकुंडा, कुमारधुबी, गलफरबाड़ी, मुगमा, मैथन, निरसा, गोविंदपुर समेत कई इलाकों से गुजरा।

 

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासनिक आदेशों और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। साथ ही समिति सदस्यों को भीड़ प्रबंधन, अग्निशमन की व्यवस्था, आपातकालीन निकासी मार्ग और बिजली की सुरक्षा जांच पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई।

 

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त, सीसीटीवी निगरानी और ड्रोन सर्विलांस की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए हर पंडाल में दंडाधिकारी की तैनाती की गई है।

 

उन्होंने बताया कि किसी भी सूचना या शिकायत के लिए नागरिक धनबाद पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8210840901 या 9262998499 पर संपर्क कर सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

 

अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस या डायल 112 पर दें और अफवाहों से दूर रहें।

 

निरीक्षण में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपील चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, एडीएम (विधि व्यवस्था) हेमा प्रसाद, एसडीएम राजेश कुमार, एसडीपीओ सिंदरी आशुतोष सत्यम, एसडीपीओ निरसा रजत मनिक बाखला, डीएसपी मुख्यालय शंकर कामती, डीएसपी ट्रैफिक अरविंद सिंह, डीएसपी साइबर संजीव कुमार समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *