एमसीसी चाईबासा ने फ्रेंड्स क्लब को 9 विकेट से हराया, सेमीफाइनल में चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी से मुकाबला
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एमसीसी चाईबासा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेंड्स क्लब चाईबासा को नौ विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। अब सेमीफाइनल में एमसीसी चाईबासा का मुकाबला 15 फरवरी को चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी से होगा।


पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में फ्रेंड्स क्लब चाईबासा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 222 रन बनाए।
फ्रेंड्स क्लब की ओर से देव राज ने 42 रन, अमित गोप ने नाबाद 39 रन, ओम वर्मा ने 32 रन और शिवम पटेल ने 26 रन का योगदान दिया। एमसीसी चाईबासा की ओर से आदित्य पुष्कर ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए। ललित सिंह ने 41 रन देकर तीन विकेट चटकाए। अजित कुमार सिंह और विशाल कुमार को एक-एक विकेट मिला।
222 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमसीसी चाईबासा ने आक्रामक शुरुआत की। कुमार करण और शिवम कुमार की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने मात्र 15.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
कुमार करण ने 50 गेंदों पर 12 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 112 रन बनाए। शिवम कुमार ने 36 गेंदों पर 6 चौके और 7 छक्के की सहायता से 79 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 193 रनों की साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित की। शिवम कुमार को अमित गोप ने क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद जयप्रकाश राजपूत ने नाबाद 23 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
प्रतियोगिता के चौथे और अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एसआर रूंगटा ग्रुप का सामना चाईबासा क्रिकेट क्लब से होगा।

