गढ़वा में गुटखा खरीदने को लेकर विवाद, दुकानदार को अपराधी ने मारी गोली

गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र स्थित नारखोरिया गांव में शुक्रवार को एक दुकानदार को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई। घायल दुकानदार की पहचान उमेश मेहता के रूप में हुई है, जिन्हें सीने में गोली लगी है। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।


सूत्रों के अनुसार, एक अपराधी गुटखा खरीदने के बहाने उमेश मेहता की दुकान पर पहुंचा था। लेन-देन के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ते ही आरोपी ने अचानक पिस्तौल निकालकर उमेश मेहता पर फायरिंग कर दी और घटनास्थल से फरार हो गया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही नगर उंटारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में अपराधी की तलाश कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

