रांची में बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी लेकर फरार

रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र के वेस्ट सरोवर नगर, देवी मंडप रोड में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। सुजीत कुमार गुप्ता के बंद पड़े घर में चोरों ने धावा बोलते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना तब हुई जब सुजीत परिवार के साथ रामनवमी के दिन पूजा करने के बाद गुमला स्थित अपने पैतृक गांव गए थे।


जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे सहित चार दरवाजों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चार अलमारियों के लॉकर काट डाले। पीड़ित ने बताया कि करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और लगभग 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं। घर के भीतर चोरों ने गहनों की तलाश में सामानों को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया, लेकिन अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक या भारी सामान को हाथ नहीं लगाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि चोर वारदात को प्लानिंग के साथ अंजाम देते दिख रहे हैं। वहीं, इलाके के लोगों में चोरी की इस घटना से दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

