JamshedpurNewsझारखण्ड

प्रशासन की अनदेखी के बीच ग्रामीणों ने खुद बनाया बांस का पुल, 25 घरों को मिली आवाजाही की सुविधा

 

घाटशिला। घाटशिला प्रखंड की हेंदलजुड़ी पंचायत के डुमुरबहाल टोला में प्रशासन की अनदेखी के बीच ग्रामीणों ने अपनी समस्या का समाधान खुद ही निकाल लिया। शुक्रवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण मिट्टी से बनी अस्थायी पुलिया बह गई, जिससे टोला के करीब 25 घरों का मुख्य सड़क से संपर्क टूट गया। इसके बाद गांव के युवाओं ने जंगल से बांस लाकर करीब 15 फीट लंबा अस्थायी बांस का पुल तैयार कर दिया।

पुलिया बह जाने के बाद ग्रामीणों के सामने आवागमन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई थी। खासकर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही थी। बारिश के कारण रास्ते में पानी का बहाव तेज होने से लोगों के लिए उस स्थान को पार करना भी मुश्किल हो गया था।

ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए शनिवार को गांव के युवाओं ने खुद मोर्चा संभाला। जंगल से बांस लाया गया, लकड़ी के बल्ले गाड़े गए और रस्सियों की मदद से करीब 15 फीट लंबा अस्थायी पुल तैयार किया गया। पुल बनने के बाद अब टोला के करीब 25 घरों के लोग इसी के सहारे मुख्य सड़क तक आवाजाही कर पा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में उन्हें इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश होते ही अस्थायी पुलिया बह जाती है और कई घरों का संपर्क मुख्य सड़क से कट जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी पुलिया या पुल निर्माण की मांग की है, ताकि हर वर्ष बरसात में उन्हें इस समस्या से जूझना न पड़े।

Share this news