JamshedpurNewsझारखण्ड

पूर्वी सिंहभूम के 5 बच्चों का जन्मजात हृदय रोग का सफल इलाज, स्वस्थ होकर घर लौटे, सिविल सर्जन ने किया स्वागत

 

जमशेदपुर: स्वास्थ्य विभाग, पूर्वी सिंहभूम की पहल से जन्मजात हृदय रोग (कंजेनाइटल हार्ट डिजीज) से पीड़ित जिले के पांच बच्चों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन कराया गया। इलाज के बाद सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट आए। सिविल सर्जन कार्यालय में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बच्चों का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।

इलाज के लिए फैयाज्जुदीन (4 वर्ष, जादूगोड़ा), जीत कुण्डु (4 वर्ष, पटमदा), नंदनी मुंडा (6 वर्ष, बहरागोड़ा), रंजीत सोरेन (13 वर्ष, गुड़ाबांदा) तथा सरस्वती मुर्मू (9 वर्ष, बहरागोड़ा) को श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर फॉर चाइल्ड हार्ट केयर के रायपुर और कोंडापाका (हैदराबाद) केंद्रों में भेजा गया था। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सभी बच्चों का नि:शुल्क ऑपरेशन एवं उपचार किया।

इन बच्चों की पहचान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की टीम द्वारा की गई थी। इसके बाद डीईआईसी, सदर अस्पताल की टीम ने आवश्यक समन्वय स्थापित कर उन्हें उपचार के लिए रेफर किया। सिविल सर्जन के मार्गदर्शन में दो बच्चों को रायपुर और तीन बच्चों को कोंडापाका, हैदराबाद भेजा गया, जहां सभी का सफल ऑपरेशन हुआ।

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चयनित सत्य साईं संस्थानों में बच्चों की नि:शुल्क जांच, ऑपरेशन और आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि किसी बच्चे में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण दिखाई दें तो समय रहते नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, ताकि शीघ्र उपचार सुनिश्चित हो सके।

बच्चों के अभिभावकों ने इस पहल के लिए स्वास्थ्य विभाग, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल तथा पटमदा, बहरागोड़ा और मुसाबनी की चिकित्सा टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश कुमार प्रसाद, डॉ. राज नारायण तिवारी, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, डॉ. सुपर्णा नायक, डीईआईसी की सोशल वर्कर नमृता ठाकुर, कमलजीत कौर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

Share this news